मधुबनी:- विधवा महिला व उसके बच्चों को जायदाद से बेदखल करने का आरोप, थाना में पुलिस से गुहार लगा लगाकर थक चुकी है महिला, विधवा व उसके तीन बच्चों को नहीं मिल रहा है न्याय।
मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र के बेता परसा गांव में एक विधवा महिला व उसके तीन बच्चों को जमीन जायदाद से बेदखल करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित महिला गुलनाज बेगम ने अपने देवर सहित अन्य लोगों के खिलाफ हरलाखी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। लेकिन थाना में बार बार गुहार लगाने के बावजूद पीड़िता को न्याय नहीं मिल रहा है। पीड़िता ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व उसके पति का देहांत हो गया। उसके दो बेटे व एक बेटी भी है। तीनों बच्चे नाबालिग है और बेसहारा हो चुके हैं।
पति के देहांत के बाद से ही उसका देवर अब्दुल गफूर उसे प्रताड़ित करने लगा और बच्चों के साथ घर छोड़कर चले जाने की धमकी देने लगा। बार बार मारपीट कर प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़िता को जमीन जायदाद से बेदखल करने के लिए उसके हिस्से का जमीन व घर बेचकर दिल्ली जाने की योजना बना रहा है। जिससे पीड़िता को अपने बच्चों के साथ गुजर बसर करने के लिए मुश्किलें हो जाएंगी। पीड़िता ने इस समस्या को लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई और पंचायत में उसे अपना हक देने को भी कहा गया। लेकिन वह पंचायत के फैसले को भी मानने से इनकार कर दिया। तब जाकर पीड़िता ने थाना में दो बार लिखित शिकायत की। लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से नहीं ले रही है और मामले की जांच के लिए उसके गांव पुलिस भी नहीं पहुंची। जिससे महिला अपने तीनों बच्चों के साथ किसी तरह डर के साये में जी रही है, और न्याय का इंतजार कर रही है।
इस बाबत थानाध्यक्ष प्रेमलाल पासवान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है जांचोपरांत उचित कार्रवाई की जाएगी।


