रेल यात्रियों की आवाज़ को मिलेगी नई मजबूती : संतोष कुमार साह बने रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति के केंद्रीय सह- संयोजक, एवं मीडिया प्रभारी
खगड़िया।
रेल यात्रियों के अधिकारों, सुविधाओं और जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्षरत रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति, पूर्वोत्तर बिहार को एक नई ऊर्जा मिली है। समिति के केंद्रीय संयोजक सुभाष चंद्र जोशी ने नगर परिषद निवासी एवं सदर विधायक बबलू कुमार मंडल के कार्यालय प्रभारी संतोष कुमार साह को समिति का केंद्रीय सह संयोजक एवं मीडिया प्रभारी मनोनीत किया है। इस मनोनयन से रेल उपभोक्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं में हर्ष का वातावरण व्याप्त है।
मनोयन की घोषणा करते हुए केंद्रीय संयोजक सुभाष चंद्र जोशी ने कहा कि संतोष कुमार साह संगठन के एक सक्रिय, कर्मठ एवं संघर्षशील साथी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संतोष संगठन के उद्देश्यों, रेल यात्रियों की समस्याओं तथा संघर्ष के प्रत्येक मुद्दों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेंगे।
वहीं नव मनोनीत केंद्रीय सह संयोजक एवं मीडिया प्रभारी संतोष कुमार साह ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे अभिभावक आदरणीय सुभाष चंद्र जोशी बाबू ने जिस आशा, विश्वास और भरोसे के साथ हमें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर हम शत-प्रतिशत खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान, बेहतर सुविधाओं की मांग तथा संगठन की आवाज़ को मजबूती प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने इस मनोनयन के लिए सुभाष चंद्र जोशी के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।
इधर संतोष कुमार साह के मनोनयन पर सामाजिक एवं संगठनात्मक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इनमें प्रमुख रूप से उमेश ठाकुर, किरणदेव यादव, मधुवाला देवी , तितली भारती एवं चम्पा राय शामिल हैं। सभी ने केंद्रीय संयोजक सुभाष चंद्र जोशी के प्रति आभार प्रकट करते हुए विश्वास जताया कि संतोष कुमार साह के नेतृत्व में रेल उपभोक्ताओं की आवाज़ और अधिक मजबूती के साथ उठेगी तथा संगठन नई उपलब्धियां हासिल करेगा।


