गढ़पुरा में अज्ञात युवती की लाश मामला: पहचान बताने वाले को SP देंगे 10 हजार का इनाम
बेगूसराय: गढ़पुरा थाना क्षेत्र में बीते 27 जून को रजौड़-कोरियामा सड़क किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश पुलिस के लिए अब भी एक बड़ी पहेली बनी हुई है। तमाम कोशिशों के बाद भी अब तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
अब मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय एसपी ने मृतका की पहचान स्थापित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस प्रशासन की ओर से घोषणा की गई है कि जो भी व्यक्ति मृतका के संबंध में सही जानकारी देगा, उसे 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस ने मृतका का शारीरिक विवरण और तस्वीर भी जारी की है। जानकारी देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
बता दें कि 27 जून की रात युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहाँ फेंका गया था। फिलहाल, गढ़पुरा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस लगातार जांच में जुटी है।



