खगड़िया अंचल अधिकारी का आदेश: तीन सरकारी अमीन करेंगे भौतिक सत्यापन।
धोबिया खड्डा पोखर व सार्वजनिक सड़क पर कथित अतिक्रमण मामले में जांच के निर्देश, छह माह बाद भी कार्रवाई अधूरी
खगड़िया, संवाददाता। खगड़िया नगर परिषद के वार्ड संख्या-38 स्थित सरकारी गैर-मजरूआ आम भूमि पर अवस्थित धोबिया खड्डा पोखर एवं सार्वजनिक सड़क पर कथित अतिक्रमण के मामले में अंचल अधिकारी, खगड़िया ने तीन सरकारी अमीनों को भौतिक सत्यापन कर प्रतिवेदन एवं नक्शा उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया है। इसके बावजूद स्थानीय निवासी का आरोप है कि छह माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
अंचल अधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार, सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदन के आलोक में अंचल अमीनों को संबंधित भूमि का सीमांकन, भौतिक सत्यापन तथा नक्शा सहित प्रतिवेदन कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि अतिक्रमण की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने बताया कि इस मामले में जनता दरबार, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक स्तरों पर लगातार शिकायत की गई। उनका कहना है कि अंतिम सुनवाई पूरी होने के बावजूद सरकारी गैर-मजरूआ आम भूमि और सार्वजनिक सड़क को अब तक अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया है। इसी कारण उन्होंने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर भी आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
दीपक कुमार का आरोप है कि धोबिया खड्डा पोखर की लगभग पांच से छह बीघा सरकारी भूमि पर कथित रूप से अतिक्रमण कर बांस एवं अन्य पेड़ लगा दिए गए हैं। साथ ही, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय ब्रह्मदेव चौधरी के घर तक जाने वाला सार्वजनिक मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने सरकारी भूमि की विधिवत मापी, अतिक्रमण हटाने, सार्वजनिक सड़क बहाल कराने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रशासनिक पक्ष: अंचल अधिकारी द्वारा तीन सरकारी अमीनों को भौतिक सत्यापन कर प्रतिवेदन देने का निर्देश जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




