बिहार में पुलिस का बड़ा एनकाउंटर: इनामी अपराधी सोनू यादव ढेर, पूर्व एमएलसी के भांजे की हत्या में था शामिल।
बिहार के सीवान जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात इनामी अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया। बड़हरिया थाना क्षेत्र में हुई इस एनकाउंटर में 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी सोनू यादव ढेर हो गया। इस कार्यवाई के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मारा गया अपराधी सोनू यादव कई संगीन मामलों में वांछित था और हाल ही में पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई और भांजे पर पर हुए हमले में भी शामिल था। चार दिन पहले हुई इस घटना में मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जबकि उनके बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज पटना में चल रहा है।
इस वारदात के बाद पुलिस पर अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर काफी दबाव था। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोनू यादव अपने साथियों के साथ बड़हरिया इलाके में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। दबिश के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में सोनू यादव गोली लगने से मौके पर ही मारा गया।
मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी गरजू यादव के पुत्र सोनू यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके पूर्व में 30 तारीख की रात घटना में शामिल अपराधी छोटू यादव को भी मुठभेड़ के दौरान दोनों पैरों में से गोली मारी गई थी।वही 1मई को एक अन्य आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया कार भी बरामद की गई है।
बता दे कि लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस इस गैंग की सफाई के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में है।
फिलहाल, एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फरार अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


