Begusarai:- चेरियाबरियारपुर विधायक पदाधिकारियों के साथ चलाया टीकाकरण जागरूकता अभियान।
चेरिया बरियारपुर (बेगूसराय) क्षेत्र में कोरोना टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग के द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न स्तर पर लोगों के प्रयास के बाद भी टीकाकरण की रफ्तार काफी धीमी है। ऐसी स्थिति में बुधवार को चेरिया बरियारपुर के विधायक राजवंशी महतो नें कई अन्य के साथ कुंभी पंचायत के लोगों को टीकाकरण के लिये प्रेरित करने के लिए घर-घर जाकर जनसंपर्क कर टीका लेने के लिए प्रेरित किया। विधायक के साथ बीडीओ कर्पूरी ठाकुर, पूर्व प्रमुख विनीता नूतन, सीडीपीओ रत्ना कुमारी आदि नें सबसे पहले सोनबरसा एवं कुंभी के कई महादलित लोगों के टोले में सम्पर्क किया। वहां लोगों के बीच टीकाकरण को लेकर कई प्रकार की भ्रांतियां थी।यहां अधिकांश लोग टीका लेने से कतरा रहे थे। लेकिन जब उन्हें टीका के फायदे बताये गये तो आखिर में वे मान गये।विधायक नें लोगों को समझाया कि आज जब पूरी दुनियां के लोग इस महामारी से जूझ रहे हैं तो टीका ही बचाव का एक मात्र उपाय है। बाद में सभी नें पूरे पंचायत में घर-घर घूम कर लोगों को टीका लेने के लिए प्रेरित किया। बीडीओ नें बताया कि लोगों के बीच जनसंपर्क के बाद कुंभी पंचायत के कुल 122 लोगों नें टीकाकरण करवाया। इस जनसंपर्क अभियान के बाद यहां के लोगों में कोरोना टीका को लेकर उनकी आशंकाएं काफी हद तक दूर हुई हैं और लोग अब टीका के प्रति जागरुक हो रहे हैं। विधायक ने बताया 11 जून को लालू जी के जन्मदिन के मौके पर जयमंगलागढ़ में पांच हजार निःसहाय लोगों को भोजन कराने की व्यवस्था की गई है। इस दौरान विधायक के साथ सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार पासवान, प्रमोद कुशवाहा,शंकर यादव, प्रखंड अध्यक्ष सुरेन्द्र राम, राजेश कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


