Translate

पचंभा-बेगूसराय ब्लॉक मुख्य सड़क पर सवाल: काम पूरा, फिर भी कई जगह अधूरी सड़क; पोखर के पास धंसा रास्ता दुर्घटना को दे रहा न्योता

पचंभा-बेगूसराय ब्लॉक मुख्य सड़क पर सवाल: काम पूरा, फिर भी कई जगह अधूरी सड़क; पोखर के पास धंसा रास्ता दुर्घटना को दे रहा न्योता।



बेगूसराय | संवाददाता


पचंभा से वास्तु विहार और चंदवारा होते हुए बेगूसराय ब्लॉक को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के निर्माण कार्य को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। सड़क के कई हिस्सों में पीसीसी और कालीकरण का काम कराया गया है, लेकिन जहां पहले से सड़क जर्जर थी, उन हिस्सों को छोड़ दिए जाने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। कार्य अवधि भी समाप्त हो चुकी है।



सबसे गंभीर स्थिति पोखर के पास है। यहां सड़क का किनारा टूटकर पोखर की ओर धंस गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब पांच वर्षों से यह हिस्सा दुर्घटना का कारण बना हुआ है। बारिश के समय खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

दो पुलिया भी नहीं बनीं

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान दो छोटी पुलिया बनाई जानी थीं, लेकिन अभी तक इनका निर्माण नहीं हुआ है। पचंभा चौक और काली मंदिर के पास भी सड़क की स्थिति संतोषजनक नहीं है। बारिश के बाद इन स्थानों पर पानी जमा होने की समस्या बनी रहती है।



लोगों का कहना है कि पहले सड़क की बदहाली को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद टेंडर हुआ और निर्माण कार्य शुरू हुआ था। अब जब काम पूरा बताया जा रहा है तो छूटे हुए हिस्सों और पुलिया का निर्माण क्यों नहीं कराया गया, इसका जवाब जिम्मेदार विभाग से मांगा जा रहा है।

पोखर किनारे कचरे का अंबार, दुर्गंध से राहगीर परेशान

सड़क की समस्या के साथ कचरा डंपिंग भी बड़ी परेशानी बन गई है। पोखर के पास सड़क किनारे कचरे का ढेर लगा हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लोहिया स्वच्छता मिशन के तहत उठाया जाने वाला कचरा आसपास फेंका जा रहा है।



कचरे से दुर्गंध फैल रही है और राहगीरों को नाक ढककर गुजरना पड़ रहा है। लोगों का सवाल है कि जब कचरा निस्तारण के लिए स्थान निर्धारित हैं तो सड़क और पोखर के किनारे कचरा क्यों डाला जा रहा है?

जनप्रतिनिधियों से लोगों का सवाल

स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य और विधायक से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर पोखर के पास क्षतिग्रस्त सड़क, दोनों पुलिया, जलजमाव वाले स्थान और कचरा डंपिंग की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

लोगों का सवाल है—निर्माण कार्य की अवधि समाप्त हो गई, लेकिन अधूरी सड़क और पुलिया का निर्माण कब पूरा होगा? सड़क टूटकर पोखर में समा रही है, फिर भी जिम्मेदार विभाग की नजर इस पर कब पड़ेगी?

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.