बबुआगंज की बड़ी दुर्गा, बड़ी काली और छोटी काली माता की प्रतिमा का हुआ शांतिपूर्ण विसर्जन।
बिहारी पॉवर ऑफ इंडिया ने पूजा समिति, ज़िला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को दिया धन्यवाद।
Indu Prabha
खगड़िया। ज़िला मुख्यालय स्थित बबुआगंज मुहल्ले में बड़ी दुर्गा मंदिर, बड़ी काली मंदिर तथा छोटी काली मंदिर है, जहां हर वर्ष माता दुर्गा और माता काली की प्रतिमा स्थापित की जाती है। ज़िले के विभिन्न प्रखंडों से भक्तजन आए, माता रानी का दर्शन और पूजा अर्चना कर अपनी अपनी मन्नतें मांगी। प्रतिमा का विसर्जन विधि विधान व मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। माता रानी को ट्रैक्टर पर सवार कर शहर के बबुआगंज, दाननगर, एसडीओ रोड, माल गोदाम रोड, बखरी बस स्टैंड, स्टेशन रोड, डॉ राजेन्द्र चौक, थाना रोड होते हुए भ्रमण कर गंडक नदी में विसर्जित किया गया।
जगह जगह माता जी के जयकारे लगाते, नाचते, गाते, झूमते भक्तजन विसर्जन जुलूस में शरीक हुए। हर प्रतिमा के साथ ज़िला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त पुलिस और मजिस्ट्रेट शान्ति व्यवस्था बनाए रखने हेतु घूमते नज़र आए। बीते दिन सन्हौली दुर्गा माता के विसर्जन में घाट पर घटित घटना को लेकर प्रदर्शनकारी प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किए जाने से विसर्जन जुलूस में लोगों की अपेक्षित संख्या कम रही। कुल मिला कर प्रतिमाओं का विसर्जन शांति पूर्वक संपन्न हो गया। बिहारी पॉवर ऑफ इंडिया के चेयरमैन डॉ अरविन्द वर्मा ने शान्तिपूर्ण मूर्ति विसर्जन के लिए पूजा समिति के सदस्यों, ज़िला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया और कहा इसी प्रकार सौहार्दपूर्ण वातावरण में सार्वजानिक कार्यों का संपादन भविष्य में भी होता रहे, मैं इसकी कामना माता रानी से करता हूं।




