सिमरिया कल्पवास मेला क्षेत्र से शीघ्र पानी निकासी की व्यवस्था करें : संजय कुमार झा
जल संसाधन मंत्री ने सिमरिया कल्पवास मेला की सुविधाओं का लिया जायजा
विभाग के अधिकारियों को दिये कई महत्वपूर्ण निर्देश
सिमरिया घाट को विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
बेगूसराय, 18 अक्टूबर, 2022
बिहार सरकार के जल संसाधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्री संजय कुमार झा ने शुक्रवार को बेगूसराय जिले के सिमरिया में राजकीय कल्पवास मेले में प्रशासन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने बोट से भ्रमण कर गंगा नदी के बढ़े जलस्तर एवं घाटों की स्थिति का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। उन्होंने मेला क्षेत्र में गंगा नदी का पानी आने और रास्ते में कीचड़ होने से लोगों को हो रही दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए दो दिनों के अंदर पानी की निकासी की व्यवस्था करने और रास्ते को ठीक करने के निर्देश दिये।
इस दौरान मेला परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री संजय कुमार झा ने कहा कि सिमरिया मिथिला वासियों की आस्था का एक प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि कल्पवास मेला में गंगा का पानी घुसने की सूचना मिलने पर वे जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारियों की टीम के साथ सिमरिया आए हैं, ताकि कल्पवासियों की समस्याओं का त्वरित निदान कराया जा सके और कल्पवास मेला सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
श्री संजय कुमार झा ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने सिमरिया कल्पवास मेले को राजकीय मेला का दर्जा वर्ष 2008 में दिया था। माननीय मुख्यमंत्री की इच्छा है कि सिमरिया में सुंदर घाट का विकास किया जाये। जल संसाधन मंत्री ने इसके लिए विभाग के अधिकारियों को एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यहां घाटों का उच्चीकरण कराया जाएगा, जिससे भविष्य में मेला क्षेत्र में गंगा नदी का पानी नहीं घुसे।
जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने मोटर बोट से भ्रमण कर गंगा नदी के बढ़े जलस्तर और सिमरिया घाट का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये।
इस दौरान पर मटिहानी के विधायक श्री राजकुमार सिंह, जदयू के जिला अध्यक्ष श्री रुदल राय और बेगूसराय के जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा, जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख, बाढ़ सहित कई वरीय अभियंता मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि सिमरिया (बेगूसराय) में राजकीय कल्पवास मेला 2022 का आयोजन 9 अक्टूबर से 18 नवंबर 2022 तक हो रहा है। कार्तिक मास में लगने वाले इस एशिया प्रसिद्ध मेले में बिहार के अलावा कई राज्यों तथा नेपाल तक से श्रद्धालु आते हैं।





