दरभंगा:- कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए दो परतों वाले मास्क होंगे उपयोगी: डॉ अहसन हमीदी।
वायरस के शरीर में प्रवेश को अवरुद्ध करने में मास्क ही कारगर।
काम के क्षेत्र के अनुसार डबल या एन95 मास्क का करें चयन।
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार कम होते जा रहे हैं | हालांकि पिछले डेढ़ साल से दुनियाभर में जारी कोरोना का संक्रमण अभी भी खत्म नहीं हुआ है | । कोरोना वायरस में लगातार हो रहे म्यूटेशन इसे और भी संक्रामक और नुकसानदायक बनाते जा रहे हैं, यही कारण है कि इस वक्त हर जगह संभावित तीसरी लहर को लेकर चर्चा हो रही है। वैज्ञानिकों के मुताबिक कोविड वैक्सीन सुरक्षा देने में काफी मददगार साबित हो सकती है , लेकिन वैक्सीन ले चुके लोगों को भी लगातार कोविड से सुरक्षा के नियमों का पालन करते रहना चाहिए। जब तक पूरी दुनिया से कोरोना का संक्रमण पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता है। लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनने, सामाजिक दूरी का ख्याल रखने के साथ हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। डीएमसीएच के कोरोना नोडल ऑफिसर डॉ अहसन हमीदी ने कहा हाल ही में हुए कई अध्ययनों में कहा जा रहा है कि कोरोना के नए म्यूटेटेड वैरिएंट्स के संक्रमण से बचने के लिए अच्छे और कसे हुए मास्क पहनकर रहना चाहिए। भारत में कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान डबल मास्किंग लगाने की सलाह दी गई, वहीं कुछ डॉक्टरों का कहना है कि कोरोना से सुरक्षा देने में गुणवत्ता ग्रेड एन95 मास्क ज्यादा प्रभावशाली हो सकते हैं। कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर से सुरक्षित रखने के लिए मास्क अतिआवश्यक है।
कोरोना से बचाव के लिए डबल मास्किंग ज़रूरी
डॉ हमीदी के अनुसार डबल मास्किंग का मतलब, एक के ऊपर और एक मास्क लगाना। अतिरिक्त परतों वाले मास्क का उपयोग करने से वायरस के शरीर में प्रवेश को अवरुद्ध करना और आसान हो जाता है। यह संक्रमण की संक्रामकता को कम करने में भी बेहतर काम कर सकता है। यह उन लोगों के लिए भी किफायती और सुरक्षात्मक हो सकता है जो केवल घर पर कपड़े से बने या सर्जिकल मास्क का उपयोग करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, डबल मास्किंग संक्रमण के जोखिम को कम करने में प्रभावी हो सकता है। इसके लिए एक सर्जिकल और एक कपड़े के मास्क, या दोनों कपड़े या दोनों सर्जिकल मास्क का प्रयोग किया जा सकता।


