Bihar:- लोजपा के बागियों पर चिराग का एक्शन, चाचा समेत पांचों सांसदों को पार्टी से निकाला!
एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान ने पार्टी के सभी बागी सांसदों को एलजेपी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ये फैसला लिया गया है. फैसले के अनुसार पशुपति पारस, प्रिंस राज, वीणा देवी, महबूब अली कैसर और चंदन सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने की वजह से पार्टी की सक्रिय सदस्यता से निलंबित कर दिया है. इस फैसले के बाद वे पार्टी में किसी भी तरह के फैसले लेने के अधिकारी नहीं होंगे.
जानकारी के मुताबिक, वर्चुअल कार्यकारिणी की बैठक में चिराग पासवान राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर मौजूद थे। पार्टी के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। साथ ही कई राज्यों के अध्यक्ष भी इस बैठक में मौजूद थे। LJP चिराग गुट ने यह तय किया है कि जिन 5 सांसदों ने बगावत की है, उन्हें हटाया जाता है। बाकी सभी लोग संगठन में काम करते रहेंगे और संगठन को मजबूत करेंगे।
इस दौरान चिराग पासवान ने कहा उनका बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट कार्यक्रम चलता रहेगा। बिहार सरकार के खिलाफ वह अपने आंदोलन को चलाते रहेंगे।
इससे पहले चिराग के चाचा पशुपति पारस ने अपने पांचों सांसदों के साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करके चिराग पासवान को राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुक्त कर दिया। पशुपति पारस का दावा है LJP उनकी पार्टी है। और वह इस पार्टी के संगठनकर्ता है। सारे सांसदों ने उन्हें संसदीय दल का नेता चुना है। इस एवज में उन्होंने चिराग पासवान को अध्यक्ष पद से हटाया है। हालांकि, चुनाव आयोग तय करेगा कि असली LJP कौन है।


