बिहार : BDO के पिता ने की आत्महत्या, शौचालय में खुद को मारी गोली।
बिहार के रोहतास जिले में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के पिता ने आत्महत्या कर ली. बीडीओ के पिता ने शौचालय के भीतर खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई. वहीं दूसरी ओर बीडीओ के घर में मातमी सन्नाटा छा गया. पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. घटना रोहतास जिले के करहगर थाना इलाके की है. यहां गिरधरपुर गांव में एक व्यक्ति नेआत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 65 वर्षीय शंकर सिंह कुशवाहा के रूप में की गई है, जो बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड के बीडीओ अजय सिंह के पिता बताये जा रहे हैं. इस घटना के बाबत जानकारी मिली है कि शंकर सिंह ने शौचालय में अपने घर के लाइसेंसी दोनाली बंदूक से सिर में गोली मारकर आत्महत्या की.
गोली की आवाज सुनते ही परिवार के लोग शौचालय की ओर दौड़े तो देखें कि खून से लथपथ होकर कुशवाहा छटपटा रहे थे. जब तक घर के लोग कुछ कर पाते शंकर सिंह ने वहीं दम तोड़ दिया. परिजनों के बीच चीख-चीत्कार मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. इधर पुलिस और उनके बेटे बीडीओ अजय सिंह को भी तुरंत इस घटना की जानकारी दी गई. घटना की सूचना मिलते ही फौरन मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को अपने कब्जे में ले लिया. सासाराम में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंपा गया. पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि बक्सर जिले के सेमरी प्रखंड के बीडीओ अजय सिंह के 65 वर्षीय पिता शंकर सिंह कुशवाहा कई दिनों से बीमार चल रहे थे. उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी. उनका इलाज रांची में चल रहा था. मृतक शंकर सिंह कुशवाहा के बेटे अशोक सिंह ने भी बताया कि इधर कई दिनों से उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी.

