कैबिनेट मीटिंग में वाल्मीकि नगर को मिलेगी अलग पहचान:2021 की अंतिम बैठक में CM नीतीश देंगे तोहफा; अलग जिले पर लगेगी मुहर।
21 दिसंबर को होने वाली बिहार कैबिनेट की बैठक कई मायनों में खास होने वाली है। इस बार कैबिनेट की बैठक पटना में नहीं, वाल्मीकि नगर के जंगलों में आयोजित की जाएगी। साल 2021 में यह कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।
इन फैसलों में सबसे अहम बात होगी कि जहां बैठक हो रही है, उस जगह को अपनी एक अलग पहचान मिलेगी। मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया जाएगा कि वाल्मीकि नगर को अलग जिला का दर्जा दिया जाए। इस पर कैबिनेट के सभी सहयोगी अपनी मुहर लगाएंगे।
पहले से बगहा को पुलिस जिला बनाया गया था। लेकिन अब उसे पूर्ण जिला की पहचान मिल जाएगी। सूत्र बताते हैं कि इसको लेकर सभी तैयारी कर ली गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 2021 के अंतिम कैबिनेट की बैठक में यह बड़ा फैसला होगा।
पहले भी राजधानी के बाहर हुई है कैबिनेट की बैठक
हालांकि यह पहली बार नहीं है कि बिहार कैबिनेट की बैठक पटना से बाहर हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इससे पहले भी कई बार राजधानी के बाहर कैबिनेट की बैठक करते रहे हैं। इसी क्रम में राजगीर, गंगा नदी में फ्लोटिंग रेस्तरां और बेगूसराय के एक गांव में भी कैबिनेट की बैठक कर चुके हैं।
जानकारी के अनुसार समाज सुधार यात्रा पर निकलने से पहले CM नीतीश कुमार मद्य निषेध विभाग को लेकर भी अहम फैसले लेंगे। शराबबंदी को और भी सख्त बनाने पर फैसले होंगे। इसके साथ ही दहेज प्रथा और बाल विवाह को लेकर भी अहम फैसले हो सकते हैं।
बगहा में क्या है कैबिनेट बैठक की तैयारियां?
वाल्मीकि नगर में कैबिनेट की बैठक को लेकर वन सभागार को ऑडिटोरियम का रूप दिया गया है। परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वेटिंग रूम की भी व्यवस्था की गई है। बैठक के दौरान सचिव स्तर के सभी पदाधिकारी यहां रहेंगे। परिसर में ही सभी के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की जाएगी।
अब तक के तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:30 बजे कैबिनेट की बैठक शुरू हो जाएगी। बैठक की समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर के कन्वेंशन सेंटर के लिए चिन्हित भूमि का जायजा लेंगे। उसके बाद मृत त्रिवेणी कैनाल में पर्यटकों के लिए विकसित बोटिंग पाॅइंट भी जाएंगे।
संभावना है कि CM नीतीश कुमार अन्य मंत्रियों के साथ बोटिंग का लुत्फ भी उठाएंगे। यहां से CM सीधे गेस्ट हाउस जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। अगले दिन 22 दिसंबर को सुबह 10 बजे CM नीतीश कुमार समाज सुधार यात्रा में शामिल होने के लिए मोतिहारी रवाना हो जाएंगे।

