पटना:- कोरोना के खिलाफ इस जंग में हम होंगे सफल, सीएम नीतीश ने कहा- हौसला और धैर्य बनाए रखें लोग।
कोरोना के इस विषम परिस्थिति में बिहार के लोगों से मुख्यमंत्री नीतीश ने धैर्य बनाए रखने की अपील की है. सीएम नीतीश ने ट्वीट कर लिखा कि ‘’कोरोना महामारी से राहत पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. जांच बढ़ी है और आधारभूत संरचना की व्यवस्था की गई है. पिछले वर्ष की तरह इस बार भी दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच के साथ बिहारवासी कोरोना के खिलाफ इस जंग में सफल होंगे. हौसला और धैर्य बनाए रखें.’’
बिहार में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने को लेकर सरकार लगातार प्रयासरत है. जिसका परिणाम सामने आने लगा है. पिछले कई दिनों से नये संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है. लोगों की जागरूकता और सरकार के प्रयास से मरीजों की संख्या में कमी आने लगी है. संक्रमण की रफ्तार धीरे-धीरे कम होने लगे हैं. स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को जारी ताजा आंकड़ा के अनुसार पिछले 24 घंटे में नये संक्रमित मरीज 10920 मिले हैं. इसके साथ ही बिहार में कुल एक्टिव केस की संख्या 102099 हो गया है. अभी भी सबसे ज्यादा नये मरीज राजधानी पटना में मिले हैं.
राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे में कुल 1702 नये मरीज मिले. जो पिछले कई दिनों के अपेक्षा काफी कम रहा. कुल टेस्टिंग बिहार में पिछले 24 घंटे में 1 लाख 10 हजार 71 हुई थी. रिकवरी रेट की बात करे तो 80 प्रतिशत से उपर पहुंच गया है.
जानकारों की माने तो इसी तरह लोग कोरोना गाइडलाइन का पालन करते रहे और सरकारी प्रयास निरंतर जारी रहा तो कोरोना संक्रमण की चेन टूटेगी, और हम सभी कोरोना को हराने में सफल होंगे. बिहार में 18+ युवाओं का टीकाकरण शुरू हो गया है. ज्यादा से ज्यादा टीके लगे इसको लेकर जिला प्रशासन और सरकार की ओर भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं।


