क्रीड़ा भारती की बैठक में क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के बैनर पोस्टर का किया गया अनावरण।
राष्ट्रीय स्तर पर 3 सितंबर को ऑनलाइन आयोजित होगी परीक्षा। विजेताओं को मिलेंगे कैश प्राइज।
राष्ट्रीय स्तर पर 3 सितंबर 2023 (रविवार) को आयोजित होनेवाले क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा की तैयारी को लेकर क्रीड़ा भारती बेगूसराय संगठन के सदस्यों की बैठक हीरालाल चौक स्थित राजेंद्र स्मृति भवन में आयोजित की गई। बैठक में क्रीड़ा भारती के प्रांत सह मंत्री रणधीर कुमार,जिला मंत्री राजकुमार,जिला सह मंत्री शिवम कुमार,विशाल कुमार,जिला उपाध्यक्ष गौरव आनंद,मटिहानी प्रखंड संयोजक जितेंद्र कुमार,क्रीड़ा केंद्र संयोजक अभिजीत कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे। बैठक का संचालन जिला मंत्री राजकुमार ने किया।
बैठक में उपस्थित क्रीड़ा भारती के प्रांत सह मंत्री रणधीर कुमार ने कहा की क्रीड़ा भारती खेल खिलाड़ियों के बीच कार्य करनेवाली अखिल भारतीय संस्था है जो खेलों को बढ़ावा देने हेतु लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का आयोजन करने जा रही है। इस परीक्षा में 12 वर्ष से ऊपर के कोई भी खिलाड़ी,छात्र/छात्रा व आमजन युवा भाग ले सकते हैं। क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का आयोजन ऑनलाइन होगा जिसमे खेल - खिलाड़ियों से संबंधित 50 प्रश्न पूछे जायेंगे उत्तर देने के लिए 30 मिनट का समय मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर यह परीक्षा रविवार 3 सितंबर 2023 को 10 बजे से 1 बजे दिन के बीच में होगी जिसका शुल्क मात्र 20 रुपए रखा गया है। परीक्षा में भाग लेनेवाले प्रतिभागियों को परीक्षा के बाद ऑनलाइन ही प्रमाणपत्र प्राप्त होगा। जबकि विजेताओं को कैश प्राइज संगठन के माध्यम से चेक के द्वारा दिया जाएगा।
क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री राजकुमार ने बताया की क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के प्रथम विजेता को एक लाख की राशि,द्वितीय करनेवाले दो विजेताओं को पचास- पचास हजार की राशि, तृतीय स्तर पर छः विजेताओं को पच्चीस- पच्चीस हजार की राशि तथा चतुर्थ स्तर पर ग्यारह विजेताओं को ग्यारह ग्यारह हजार की राशि क्षेत्र वाइज मिलेगी। इसके अलावे जिला स्तर पर इक्यावन टॉप प्रतिभागियों को क्रीड़ा भारती बेगूसराय सम्मानित करने का कार्य करेगी। उन्होंने बताया की पिछले वर्ष का विजेता बिहार के सिवान जिले का छात्र आलोक कुमार है जिसे एक लाख की विजई राशि मिली थी। प्रतिभागियों को निबंधन होते ही मैसेज के माध्यम से ऑनलाइन क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का लिंक,यूजर आईडी, और पासवर्ड के साथ मिलता है जिसका उपयोग कर प्रतिभागी एक और दो सितंबर को डेमो एग्जाम भी दे सकते हैं।
क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष गौरव आनंद ने कहा की आज क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का बैनर और पोस्टर का अनावरण किया गया है साथ ही पहले ही दिन पचास से ज्यादा बच्चों का निबंधन किया गया। अगले 30 अगस्त तक जिले के विभिन्न विद्यालयों,कोचिंग संस्थाओं,खेल क्लबों में संपर्क स्थापित कर प्रतिभागियों का निबंधन किया जाएगा। इसके लिए टीम बनाई गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा संस्थानों में संपर्क किया जा सके।


