आमरण अनशन पर बैठेंगे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, कब्रिस्तान की अनाधिकृत दीवार नहीं तोड़े जाने पर भड़के
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय इलाके में एक कब्रिस्तान की अनधिकृत दीवार नहीं तोड़े जाने से विकास कार्यों में हो रही परेशानी को लेकर आंदोलन की बात कही है।
गिरिराज सिंह ने कहा है कि बेगूसराय को संवारने और 6 लेन सड़क बनाने के लिए ना जाने कितने मंदिर तोड़े गए लेकिन एक कब्रिस्तान की अनाधिकृत दीवार सड़क और शहर की चमक फीकी और दुर्घटना को न्योता दे रही है। अगर सर्विस लेन का निर्माण जल्द नहीं कराया गया तो आंदोलन होगा।
गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया पर इस खबर को ट्विट करते हुए लिखा है कि किस तरह से कब्रिस्तान की अनाधिकृत दीवार नहीं तोड़े जाने से सड़क निर्माण में बाधा आ रही है। प्रशासन से सवाल करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा है कि पता नहीं क्यों प्रशासन के हाथ पांव फुले हुए हैं?
सांसद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार अमर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि फोरलेन सड़क निर्माण के लिए सिमरिया से खगड़िया के बीच कई जगह मंदिरों को तोड़ा गया। यदि तीन माह के भीतर कब्रिस्तान के समीप सर्विसलेन सड़क निर्माण नहीं हुआ तो केंद्रीय मंत्री आमरण अनशन पर बैठेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में 567 करोड़ रुपये की लागत से 61 किलोमीटर लम्बी सिमरिया-खगड़िया फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रारम्भ किया गया था। निर्माण एजेंसी पुंज लॉयड के प्रोजेक्ट मैनेजर अजय कुमार सिंह का कहना है कि सिमरिया-खगड़िया फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है। मार्च में इस नवनिर्मित फोरलेन सड़क को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सुपुर्द कर दिया जायेगा।
.jpeg)

